
जीपीडीपी के जरिए ग्रामसभा से लेकर ऑनलाइन पोर्टल तक की समझाई गई प्रक्रिया
अलीगंज। ग्राम पंचायतों के विकास कार्य अब गांव की वास्तविक जरूरतों और ग्रामीणों की राय के आधार पर तय होंगे। इसी उद्देश्य से गुरुवार को विकासखंड अलीगंज के ब्लॉक सभागार में न्याय पंचायत स्तर के ग्राम पंचायत सचिवों और पंचायत सहायकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिसकी अध्यक्षता बीडीओ शिव शंकर शर्मा द्वारा की गई। प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की पूरी प्रक्रिया, ग्रामसभा की भूमिका, विभागीय समन्वय और ऑनलाइन कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विकास योजना केवल औपचारिक दस्तावेज नहीं, बल्कि गांव के भविष्य की दिशा तय करने वाला रोडमैप है।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर नाहर सिंह, रोशन सिंह, रमन प्रकाश और राकेश बाबू ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत की विकास योजना ग्रामसभा से प्राप्त सुझावों के आधार पर तैयार की जाएगी। ग्रामीणों की प्राथमिकताओं को शामिल करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास तथा रोजगार जैसे विषयों को प्रमुखता दी जाएगी साथ ही कार्ययोजना को निर्धारित समय सीमा में ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने और सभी अभिलेखों का सही रखरखाव करने के तरीके भी बताए गए। एडीओ पंचायत राकेश कुमार ने कहा कि यदि ग्राम पंचायत विकास योजना गुणवत्तापूर्ण तरीके से तैयार होगी तो विकास कार्यों के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ेगी और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि सचिव और पंचायत सहायक गांव की विकास प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उन्हें पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करना होगा। एडीओ समाज कल्याण अनुज कुमार ने प्रशिक्षण के दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को भी जीपीडीपी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था, दिव्यांग और निराश्रित महिला पेंशन सहित सभी पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ना पंचायतों की जिम्मेदारी है। खंड प्रेरक मीणा शाक्य ने पंचायत सहायकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कार्यों की मॉनिटरिंग, जनजागरूकता अभियान और ऑनलाइन रिपोर्टिंग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तकनीक के बेहतर उपयोग से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति दोनों आएंगी। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और ग्राम पंचायत विकास योजना से जुड़े तकनीकी व व्यवहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में ब्लॉक अलीगंज के सभी न्याय पंचायतों के ग्राम पंचायत सचिव, पंचायत सहायक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply