ग्रामीणों ने बचाई जान, गंभीर हालत में तीनों को एटा मेडिकल कॉलेज रेफर; राजस्व टीम करेगी क्षति का आकलन

एटा/जैथरा। जनपद एटा के थाना जैथरा क्षेत्र के गांव नगला दयाल में मंगलवार (22 जुलाई) दोपहर करीब 12 बजे एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय मकान के नीचे बैठी तीन महिलाएं मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर तीनों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घायलों की पहचान संध्या (28 वर्ष), पत्नी राजकुमार, नगीना (16 वर्ष), पुत्री महिपाल तथा राधिका देवी (40 वर्ष), पत्नी नेत्रपाल के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एटा रेफर कर दिया।

थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

वहीं उप जिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम द्वारा क्षति का आकलन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दैवीय आपदा राहत प्रावधानों के तहत नियमानुसार जो भी आर्थिक सहायता बनती होगी, वह पीड़ितों को उपलब्ध कराई जाएगी।