
दरियावगंज रोड पर पहरा के पास हादसा, सीएचसी अलीगंज से संध्या और योगेश यादव हायर सेंटर रेफर
एटा। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के दरियावगंज रोड पर पहरा के पास मंगलवार को ओवरटेक करने के दौरान दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अलीगंज निवासी योगेश यादव (35) पुत्र जयवीर सिंह बाइक से जा रहे थे। उनकी बाइक पर संध्या पुत्री सुरेश सिंह निवासी नई बस्ती, विकास नगर, अलीगंज भी सवार थीं। इसी दौरान दरियावगंज की ओर से अलीगंज आ रहे दूसरी बाइक सवार चंदन (23) पुत्र नेत्रपाल निवासी बदायूं भी हादसे की चपेट में आ गए। बताया गया कि चंदन अलीगंज स्थित राधा स्वीट्स पर बेकरी का कार्य करते हैं।
घायल संध्या के मुताबिक, चंदन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों बाइकें अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरीं। हादसे में योगेश, संध्या और चंदन घायल हो गए।
सीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल चंद्रा ने बताया कि दुर्घटना में घायल तीन लोगों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया था। इनमें संध्या और योगेश यादव की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के नेता रामकिशोर यादव भी सीएचसी अलीगंज पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से योगेश यादव की हालत की जानकारी ली। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए योगेश यादव को अपनी निजी गाड़ी से फर्रुखाबाद के निजी अस्पताल भेजा।
Leave a Reply