मेडिसिन में चार, पीडियाट्रिक्स में चार और नेत्र रोग विभाग में दो सीटें; 2026 सत्र में नीट पीजी के माध्यम से होंगे प्रवेश
एटा। वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज, एटा के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय को डीएनबी (डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड) पीजी पाठ्यक्रम के अंतर्गत कुल 10 सीटों की स्वीकृति मिली है। इन सीटों पर इसी सत्र 2026 से नीट पीजी के माध्यम से प्रवेश होंगे।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह के प्रयासों और मार्गदर्शन के बाद यह उपलब्धि मिली है। गत माह नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएमएस), नई दिल्ली की टीम ने मेडिकल कॉलेज और संबद्ध चिकित्सालय का निरीक्षण किया था। टीम ने अस्पताल एवं कॉलेज में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों के उपचार, विभागीय व्यवस्थाओं, चिकित्सकीय संसाधनों, आधारभूत सुविधाओं तथा शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया था।
तीन विभागों में मिलीं सीटें
निर्धारित मानकों के मूल्यांकन और निरीक्षण के बाद मेडिसिन विभाग में चार, पीडियाट्रिक्स विभाग में चार तथा नेत्र रोग विभाग में दो सीटों को मंजूरी दी गई है। इस तरह मेडिकल कॉलेज को डीएनबी पीजी की कुल 10 सीटें मिली हैं।
प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि डीएनबी पीजी की 10 सीटों की स्वीकृति मेडिकल कॉलेज एटा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे संस्थान की चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। कॉलेज प्रशासन का प्रयास है कि मरीजों को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण के लिए आवश्यक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जाए।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ने से मिलेगा लाभ
पीजी सीटों की स्वीकृति से मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षण व्यवस्था मजबूत होने के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इसका लाभ एटा के साथ आसपास के जनपदों के मरीजों को भी मिल सकेगा। विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता बढ़ने से मरीजों को उपचार के लिए अन्य बड़े शहरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
प्राचार्य ने इस उपलब्धि के लिए डॉ. मंजरी कुमारी, प्रभारी अधिकारी (डीएनबी) सहित संबंधित विभागाध्यक्षों, चिकित्सकों, शिक्षकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ तथा अन्य कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि डीएनबी पीजी की सीटों की स्वीकृति संस्थान की शैक्षणिक प्रगति के साथ ही एटा और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए बेहतर, विशेषज्ञ और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
Leave a Reply