एटा। एटा जनपद के जैथरा थाना क्षेत्र के अहमदपुर कला गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में साढ़े आठ माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला छत पर कपड़े सुखाने गई थी, तभी अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिर गई। गंभीर हालत में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान रश्मि (28) पत्नी प्रहलाद के रूप में हुई है। रश्मि की शादी करीब सात वर्ष पहले प्रहलाद पुत्र विजय से हुई थी। उनके परिवार में दो छोटी बेटियां हैं—सौम्भया (4 वर्ष) और खुशी (3 वर्ष)। रश्मि की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

मृतका के देवर रवि ने बताया कि रश्मि दोपहर में घर की छत पर कपड़े सुखाने गई थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ीं। परिजन तुरंत उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा के डॉ. हसमुद्दीन ने बताया कि महिला को दोपहर करीब 2:20 बजे अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उन्हें मृत पाया गया। उन्होंने बताया कि महिला करीब साढ़े आठ माह की गर्भवती थी।

वहीं, थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी अभी उनके संज्ञान में नहीं आई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।