राजा का रामपुर के किशनपुर गांव में ताऊ के बेटों पर मारपीट का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

एटा। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव किशनपुर में खेत की मेड़ को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कहासुनी के बाद ताऊ के बेटों ने 45 वर्षीय किसान पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर डंडा लगने से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।

घायल नारद सिंह (45) पुत्र अनार सिंह, निवासी किशनपुर ने बताया कि खेत की मेड़ काटने को लेकर उसका अपने ताऊ के लड़कों से विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि सिर पर डंडे से वार किए जाने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर पहुंचे परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।

घटना की सूचना मिलते ही थाना राजा का रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराकर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम भेजी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।