
एटा। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना राजा का रामपुर परिसर में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का पर्व है और इसे शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी डीजे संचालकों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि डीजे की आवाज शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा (साउंड लिमिट) के भीतर ही रखी जाएगी। अत्यधिक तेज आवाज या ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा डीजे की ऊंचाई 8 फीट से अधिक नहीं होगी, ताकि विद्युत लाइनों, पुलों और अन्य अवरोधों से किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यदि कोई डीजे संचालक निर्धारित मानकों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संचालकों से प्रशासन का सहयोग करने और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
बैठक में मौजूद डीजे संचालकों ने भी पुलिस प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे सभी निर्देशों का पूर्ण पालन करेंगे और कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार से नियमों का उल्लंघन नहीं करेंगे।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply