एटा/अलीगंज। जनपद एटा के कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के ग्राम हत्सारी में मंगलवार सुबह एक 30 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा मोर्चरी भेज दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।

मृतका की पहचान फूलवती (30) पत्नी मुकेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, फूलवती की शादी वर्ष 2016 में हुई थी। पति मुकेश गांव में रहकर खेती-बाड़ी करते हैं। दंपती के दो पुत्र कार्तिक (6 वर्ष) और स्वास्तिक (4 वर्ष) हैं। महिला का मायका नवाबगंज में है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच घरेलू और पारिवारिक बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोतवाली अलीगंज में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

क्या बोले प्रभारी निरीक्षक

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रुपेश वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

वहीं, एसएसआई जयवीर सिंह ने बताया कि मृतका के दो छोटे बच्चे हैं। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है, लेकिन आत्महत्या के कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।