एटा। जैथरा कस्बे के मोहल्ला सूर्य नगर में गुरुवार रात खेत में पानी लगाते समय करंट की चपेट में आने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

सूर्य नगर निवासी वीनू पुत्र गुलाब सिंह गुरुवार रात करीब 9:30 बजे खेत में पानी लगाने के लिए गए थे। परिजनों के मुताबिक, खेत पर पानी लगाते समय वह बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से वीनू गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा ले जाया गया।

सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने वीनू की जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी सट्टा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बेटे लव (18) और बेटी लवी (16) भी पिता की मौत से गहरे सदमे में हैं। हादसे के बाद मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी जैथरा सुनील कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा मुख्यालय भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसा बिजली के तार की चपेट में आने से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, इसकी भी जांच की जा रही है।