मारहरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चेकिंग के दौरान दबोचे गए आरोपी; तीनों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
एटा। नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मारहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 14 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी. के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह के नेतृत्व में मारहरा पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
मानपुर काशीराम कॉलोनी के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक पुत्र विनोद, गुलशन पुत्र विनोद और दीपू पुत्र साहब सिंह के रूप में हुई है। तीनों आरोपी मानपुर काशीराम कॉलोनी, थाना कोतवाली देहात, जनपद एटा के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मारहरा में मुकदमा अपराध संख्या 166/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रितिक पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी रितिक का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ एटा जिले के विभिन्न थानों में लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी और अन्य मामलों में पहले भी मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2021 से लेकर 2025 तक कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं।
गुलशन और दीपू के खिलाफ भी पहले से मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार गुलशन के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार आरोपी दीपू के खिलाफ भी लूट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न मामलों में कुल आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
नौ सदस्यीय पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक मुकुल कुमार, उपनिरीक्षक विपिन सिंह, हेड कांस्टेबल रवि यादव, कांस्टेबल सोनू कुंतल, मनोज कुमार, मुकेश कुमार, गौरव कुमार और अंशू सिंह शामिल रहे।
Leave a Reply