सीसीटीवी मॉनिटरिंग, आईटी कनेक्टिविटी और संचार व्यवस्था का एएसपी ने लिया जायजा

एटा। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम और यूपी-112 कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम से संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए पुलिस की त्वरित रिस्पांस प्रणाली को परखा।

निरीक्षण के दौरान जनपद के प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग, आईटी कनेक्टिविटी और सभी थानों तक पहुंच रही संचार व्यवस्था का जायजा लिया गया। एएसपी ने कंट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर पुलिस की ओर से की जाने वाली कार्रवाई और रिस्पांस प्रक्रिया की भी समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम पर प्राप्त हर सूचना को तत्काल संबंधित पुलिस इकाई को प्रेषित किया जाए। सूचना मिलते ही नजदीकी पीआरवी अथवा पुलिस टीम को बिना देरी किए घटनास्थल के लिए रवाना किया जाए। साथ ही पुलिस टीमों के रिस्पांस टाइम की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

एएसपी ने कहा कि कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान पूरी तरह सतर्क रहें और सभी संचार उपकरणों को हर समय कार्यशील रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता समय से उपलब्ध कराई जा सके।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग, क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।