
रामवती के घर से जेवरात समेत सामान चोरी, दूसरे मकान में वारदात से पहले जागे परिजन; तमंचे से फायरिंग करते हुए भागे बदमाश
एटा। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव गढ़िया जगन्नाथ में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देते हुए दो मकानों को निशाना बनाया। करीब साढ़े 12 बजे पीछे की ओर से मकानों में दाखिल हुए बदमाशों ने पहले एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद दूसरे मकान में घुसने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों के जाग जाने और शोर मचाने पर बदमाश तमंचे से तीन राउंड फायरिंग करते हुए भाग निकले। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।
दीवार काटकर घर में घुसे, जेवरात समेत सामान ले गए
बदमाशों ने कुलदीप की पत्नी रामवती के मकान को निशाना बनाया। रामवती घर में अकेली रहती हैं, जबकि उनके पति बाहर नौकरी करते हैं। बदमाशों ने पीछे की ओर से मकान की दीवार काटकर घर में प्रवेश किया और कमरे में रखा सामान खंगालकर जेवरात समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, बदमाश अंगूठी, कुंडल और पाजेब समेत अन्य सामान ले गए हैं। परिवार के एक युवक की कुछ माह पहले लगुन चढ़ी थी। शादी के लिए रखा सामान भी चोरी होने की बात सामने आई है। चोरी हुए सामान और नुकसान का पूरा आकलन अभी किया जा रहा है।
दो बदमाश कमरे में, दो छत पर होने की बात
कुलदीप की भतीजी अनुज्ञा ने बताया कि रात में रामवती की तेज आवाज और शोर सुनकर उन्हें घटना की जानकारी हुई। रामवती ने बताया कि घर में चोर घुस आए हैं। उनके अनुसार, दो बदमाश कमरे के अंदर और दो छत पर मौजूद थे।
अनुज्ञा के मुताबिक, जब वह मौके पर पहुंचीं तो बदमाशों ने उनकी ओर तमंचे से फायर कर दिया। डर के कारण वह अंदर चली गईं और फोन से अपने चाचा तथा ताऊ को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर बदमाश वहां से भाग निकले।
दूसरे मकान में आहट से जागे परिजन
इसी रात बदमाशों ने शिवरी के मकान को भी निशाना बनाया। बदमाश पीछे की ओर से मकान में दाखिल होने का प्रयास कर रहे थे, तभी आहट होने पर परिजनों को इसकी जानकारी हो गई। शोर-शराबा होने पर आसपास के ग्रामीणों को फोन कर बुलाया गया।
ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम दिए बिना ही भाग निकले। इसी दौरान बदमाशों की ओर से फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। दोनों घटनाओं को लेकर गांव में रातभर दहशत का माहौल रहा।
गेट अंदर से बंद कर गए बदमाश
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद थाना राजा का रामपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। बताया गया कि बदमाश मकान का गेट अंदर से बंद कर गए थे, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खोला।
पुलिस बोली- प्रथम दृष्टया चोरी का मामला
थाना राजा का रामपुर के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ गांव गढ़िया जगन्नाथ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। संबंधित मकान गांव से बाहर स्थित हैं। एक मकान में महिला अकेली रह रही थी, जबकि उसका पति बाहर नौकरी करता है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी के प्रयास का प्रतीत हो रहा है। परिवार से चोरी हुए सामान और नुकसान की जानकारी ली जा रही है। मामले की जांच जारी है और थाना स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बदमाशों की तलाश के साथ ही फायरिंग और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Leave a Reply