
गांव से शहर तक होंगे जनकल्याण और जनभागीदारी के कार्यक्रम, सीडीओ राजेन्द्र प्रसाद मिश्र बनाए गए नोडल अधिकारी
एटा। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत गांव से लेकर शहर तक विभिन्न विभागों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, जनभागीदारी और सेवा कार्यों से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने अभियान के सफल संचालन के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र को अभियान का नोडल अधिकारी नामित किया।
योजनाओं के लाभार्थियों की सामने आएंगी सफलता की कहानियां
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतिगत सुधारों और विकास कार्यों से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत@2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के कार्यक्रम महज औपचारिकता बनकर न रह जाएं। इनमें अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की वास्तविक सफलता की कहानियां भी सामने लाई जाएं।
17 सितंबर को घर-घर जलेगा दीप
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के अवसर पर शाम सात बजे दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम से होगी। इसे विकसित भारत@2047 के सामूहिक संकल्प के प्रतीक के रूप में आयोजित किया जाएगा।
योजनाओं से लाभान्वित नागरिक अपने घरों में दीप जलाएंगे। इसके अलावा प्रमुख मंदिरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारकों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में रक्तदान शिविर तथा दिव्यांगजन कल्याण से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे।
बच्चों की कल्पनाओं से जुड़ेगा विकसित भारत का संकल्प
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा जाएगा। कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग और कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण और डिबेट प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
नुक्कड़ नाटकों से बताएंगे योजनाओं की कहानी
‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और 25 वर्षों के सेवा कार्यों तथा देश-प्रदेश में हुए सकारात्मक बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रमों को सरल और प्रभावी तरीके से गांवों और शहरों तक ले जाने की योजना है।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन मिलन सेवा’
25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा दीदियों और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सार्वजनिक सम्मान भी किया जाएगा।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखेंगी लाभार्थियों की कहानियां
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत डिजिटल और रील अभियान चलाया जाएगा। इसमें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित ऐसे लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां प्रदर्शित की जाएंगी, जिनके जीवन में योजनाओं के माध्यम से सकारात्मक बदलाव आया है।
सात अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा
सात अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें सामूहिक रूप से विकसित भारत@2047 का संकल्प लिया जाएगा।
वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक लगातार चलेगा। इसके माध्यम से लोगों को किसी न किसी सेवा कार्य से जुड़कर समाज के प्रति अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
एक ही स्थान पर मिलेंगी कई विभागों की सेवाएं
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंड स्तर पर सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर और स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की भी व्यवस्था होगी।
व्यापक प्रचार-प्रसार और मॉनिटरिंग के निर्देश
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. बलवीर सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधीर मोहन, डीसी एनआरएलएम विकल कुमार, डीसी मनरेगा प्रभु दयाल, उप कृषि निदेशक सुमित कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यम त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी समेत संबंधित अधिकारी और खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply