
राजस्व-पुलिस टीमों ने स्थलीय सत्यापन कर की कार्रवाई, फरियादियों को मिली राहत
शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : डीएम
एटा। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील अलीगंज में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गंभीर शिकायतों पर तत्काल मौके पर भेजीं संयुक्त टीमें
जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनकी प्रकृति के अनुसार राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को तत्काल मौके पर भेजने के निर्देश दिए। संयुक्त टीमों ने स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित पक्षों से जानकारी प्राप्त की, अभिलेखों का परीक्षण किया और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की।
प्रशासन का कहना है कि मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराने से शिकायतों के त्वरित निस्तारण की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं और फरियादियों को राहत भी प्राप्त हो रही है।
केवल शिकायत सुनना नहीं, वास्तविक समाधान कराना उद्देश्य : डीएम
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस केवल शिकायतें प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि आमजन की समस्याओं का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को संवेदनशीलता से समझा जाए और आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करते हुए नियमानुसार समाधान कराया जाए।
उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध न्याय और शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने अथवा बिना स्थलीय सत्यापन के औपचारिक निस्तारण की प्रवृत्ति किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिकायतकर्ता की संतुष्टि पर भी रहेगा विशेष ध्यान
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहा जाए। निस्तारण की गुणवत्ता के साथ-साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
जिन मामलों में मौके पर जांच और कार्रवाई की आवश्यकता है, वहां राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को तत्काल भेजकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस शिकायतों पर एसएसपी ने दिए कार्रवाई के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस से जुड़े मामलों में निष्पक्षता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाए तथा पीड़ितों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जाए।
अलीगंज में 62 शिकायतें, 9 का मौके पर निस्तारण
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील अलीगंज में कुल 62 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
वहीं तहसील एटा सदर में 24 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का तत्काल समाधान किया गया। इसी प्रकार तहसील जलेसर में 11 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया।
शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के लिए भेजते हुए प्रत्येक मामले का स्थलीय सत्यापन कर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एटा सदर और जलेसर में एडीएम ने सुनीं शिकायतें
तहसील एटा सदर में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) तथा तहसील जलेसर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
बड़ी संख्या में अधिकारी रहे मौजूद
तहसील अलीगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, उपजिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर, तहसीलदार संजय कुमार, तहसीलदार न्यायिक महिमा सिंह, नायब तहसीलदार हिमांशु एवं वरुण कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपनिदेशक कृषि सुमित कुमार, जिला कृषि अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अलीगंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
Leave a Reply