एटा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव बुधवार को अलीगंज क्षेत्र के आसपुर स्थित आवास पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व विधायक एवं सपा नेता रामेश्वर सिंह यादव का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव पिछले करीब चार माह से गंभीर रूप से बीमार थे। उनके दोनों फेफड़े खराब होने के बाद हैदराबाद के अस्पताल में उनका लंग्स ट्रांसप्लांट किया गया। इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौटने पर शिवपाल सिंह यादव उनसे मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।
शिवपाल यादव ने कहा कि रामेश्वर यादव की तबीयत बेहद खराब थी, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें नई जिंदगी दी है। अब उनका स्वास्थ्य बेहतर है और वह पूरी तरह स्वस्थ होने की ओर बढ़ रहे हैं।
भाजपा पर साधा निशाना
रामेश्वर यादव से मुलाकात के बाद शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा को झूठ बोलने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि उसके नेता केवल प्रचार करते हैं, जबकि जमीन पर काम दिखाई नहीं देता।
उन्होंने नई सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई सड़कें बनने के कुछ ही महीनों बाद खराब हो गईं और बड़े-बड़े गड्ढे हो गए।
शिवपाल यादव ने सरकार पर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने और झूठे मुकदमों में फंसाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने सपा नेता आजम खान का जिक्र करते हुए सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए।
बोले— संगठन के दम पर बनाएंगे सरकार
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि चुनावी रणनीति अभी सार्वजनिक नहीं की जा सकती। उन्होंने दावा किया कि सपा और उसका गठबंधन संगठन की ताकत के बल पर चुनाव लड़ेगा और अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष को खत्म करना चाहती है, लेकिन समाजवादी पार्टी संगठन को मजबूत कर रही है और आने वाले चुनाव में गठबंधन मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा।
शिवपाल की एंट्री से एटा की राजनीति में हलचल
लंबे समय बाद शिवपाल सिंह यादव के एटा पहुंचने से जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। उनके दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं और इसे आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
Leave a Reply