
राजा का रामपुर पुलिस ने चोरी का माल, दो तमंचे, चार कारतूस और चाकू किए बरामद
एटा। थाना राजा का रामपुर पुलिस ने करीब डेढ़ माह पहले हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी का जेवर और नकदी के साथ दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस व दो चाकू बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, बिल्सड़ पछाया निवासी वरुण कुमार शाक्य ने 16 जुलाई 2026 को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर में बताया गया कि रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोर घर में घुस आए और 17 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी पायल तथा एक जोड़ी कान की झुमकी चोरी कर ले गए। पीड़ित के मुताबिक उसके घर से करीब 800 मीटर दूर बिल्सड़ पट्टी निवासी रामनेरश यादव और बिल्सड़ पुवाया निवासी मुकेश दिवाकर के घर में भी चोरी की घटना हुई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई। लगातार सुरागरसी-पतारसी और जांच के बाद पुलिस ने 27 अगस्त की रात चार आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ लालू पुत्र सामगुल निवासी बलरामपुर थाना निगोही, शाहजहांपुर, शिवा पुत्र भगवान निवासी कुइया थाना मऊदरवाजा, फर्रुखाबाद, गया सिंह पुत्र महेशपाल निवासी बलरामपुर थाना निगोही, शाहजहांपुर और प्रताप सिंह पुत्र दुलार सिंह निवासी बलरामपुर थाना निगोही, शाहजहांपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो जोड़ी बिछुआ, एक जोड़ी तोड़िया और 3,130 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो चाकू भी मिले। बरामदगी के आधार पर चोरी के मुकदमे में धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है। वहीं अवैध असलहे की बरामदगी के संबंध में अलग से आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ईलामारन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह के निर्देशन में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह मय पुलिस बल, श्रवण निगम मय एसओजी टीम तथा सुशील लाम्बा सहित सर्विलांस टीम शामिल रही।
Leave a Reply