
मिशन शक्ति कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और हेल्पलाइन की दी जानकारी
एटा। रक्षाबंधन के पर्व पर मलावन क्षेत्र स्थित एएस एडम वर्ल्ड स्कूल में मिशन शक्ति एवं महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, आत्मरक्षा, कम्युनिटी पुलिसिंग और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। पुलिसकर्मियों ने भी छात्राओं को उनकी सुरक्षा और हर परिस्थिति में सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सकीट नितीश गर्ग ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में उन्हें चुप नहीं रहना चाहिए। छात्राएं बिना किसी संकोच के तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिला हेल्प डेस्क सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इसके साथ ही शासन की ओर से महिलाओं और बालिकाओं के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया। छात्राओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित कर साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया। छात्राओं को सलाह दी गई कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध फोन कॉल या मैसेज के माध्यम से मांगी गई निजी अथवा बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि ओटीपी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। साइबर ठगी होने की स्थिति में बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
छुट्टी के समय एंटी रोमियो टीम ने की पेट्रोलिंग
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विद्यालय की छुट्टी के समय एंटी रोमियो टीम ने स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की। टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी और छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस और छात्राओं के बीच संवाद के साथ सुरक्षा एवं विश्वास का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस तत्काल कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
Leave a Reply