जनपद एटा में हैदराबाद में उपचार कराने के बाद लौटे पूर्व विधायक रामेश्वर यादव से मिलने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव गुरुवार को आसपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने रामेश्वर यादव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

रामेश्वर यादव लंबे समय से बीमारी के चलते हैदराबाद में उपचार करा रहे थे। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद वह आसपुर स्थित अपने आवास पर रह रहे हैं। उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने पहुंचे प्रो. रामगोपाल यादव ने परिवार के सदस्यों से भी बातचीत की।

इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों से भी प्रो. रामगोपाल यादव ने मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों और संगठन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।

मुलाकात के दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। प्रो. रामगोपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की गतिविधियों की जानकारी ली और आगामी चुनाव को लेकर चर्चा की। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हुई इस बातचीत को चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रो. रामगोपाल यादव के आसपुर पहुंचने और सपा कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। आगामी चुनाव से पहले हुई इस मुलाकात को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।