Etah। खंड विकास अधिकारी अलीगंज शिवशंकर शर्मा और खंड शिक्षा अधिकारी अलीगंज विनोद कुमार गौतम ने मंगलवार को पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय राजा का रामपुर और पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहम्मद नगर बझेरा का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यालयों में शैक्षिक व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, कंप्यूटर कक्ष, विज्ञान लैब, शौचालय और कक्षा-कक्षों का जायजा लिया।

राजा का रामपुर विद्यालय में व्यवस्थाएं मिलीं दुरुस्त

राजा का रामपुर स्थित पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। सभी स्टाफ उपस्थित मिला। अधिकारियों ने कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण करते हुए बच्चों से कंप्यूटर संचालन के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान बच्चे कंप्यूटर पर कार्य करते मिले।

अधिकारियों ने शिक्षण व्यवस्था का भी जायजा लिया और विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। हालांकि विद्यालय में खेल के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होने पर अधिकारी कुछ असंतुष्ट नजर आए।

मोहम्मद नगर बझेरा में मिलीं खामियां

इसके बाद अधिकारियों ने पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहम्मद नगर बझेरा का निरीक्षण किया। यहां स्मार्ट क्लास का संचालन शुरू नहीं होने पर अधिकारियों ने तत्काल स्मार्ट क्लास शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं कंप्यूटर कक्ष में बच्चों की संख्या कम मिलने पर प्रधानाध्यापक को अधिक से अधिक बच्चों को कंप्यूटर कक्ष में बैठाकर कंप्यूटर शिक्षा देने के निर्देश दिए गए।

विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस पर बीडीओ शिवशंकर शर्मा ने जल्द समस्या का समाधान कराने की बात कही। उन्होंने जलभराव से निजात दिलाने के लिए ट्रैक बनाने के निर्देश दिए।

खंड विकास अधिकारी शिवशंकर शर्मा ने बताया कि दोनों पीएमश्री विद्यालयों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। राजा का रामपुर विद्यालय में व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं, जबकि मोहम्मद नगर बझेरा विद्यालय में कुछ कमियां पाई गईं। संबंधित अधिकारियों और प्रधानाध्यापक को कमियों में सुधार के निर्देश दिए गए हैं। जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ट्रैक बनवाया जाएगा और जल्द ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।