₹2 लाख का दुर्घटना बीमा और परिवार को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज, साड़ी की राशि भी ₹1,000 हुई

एटा। पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के लिए रविवार को अलीगंज में सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी के बैठक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अलीगंज और जैथरा विकासखंड के रसोइयों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने रसोइयों को सम्मानित करते हुए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।

प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पीएम पोषण योजना से जुड़े करीब 3.53 लाख रसोइयों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सबसे बड़ी राहत मासिक मानदेय में दी गई है। रसोइयों का मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 प्रतिमाह कर दिया गया है। बढ़ी हुई राशि का अतिरिक्त भार राज्य सरकार वहन करेगी।

₹2 लाख का दुर्घटना बीमा

रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए ₹2 लाख तक का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम में बताया गया कि रसोइयों के एसबीआई में खाते खोले जाएंगे और मानदेय खाते के माध्यम से भेजने की व्यवस्था की जाएगी।

परिवार को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज

रसोइयों और उनके परिवार के सदस्यों को स्वास्थ्य सुरक्षा के तहत हर साल ₹5 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार के दौरान पात्र परिवार इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे।

साड़ी की राशि ₹500 से बढ़कर ₹1,000

रसोइयों को ड्रेस के लिए मिलने वाली राशि भी दोगुनी कर दी गई है। पहले साड़ी के लिए ₹500 दिए जाते थे, अब यह राशि बढ़ाकर ₹1,000 कर दी गई है।

विधायक ने बांटे चिकित्सा कार्ड

अलीगंज में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने रसोइयों को चिकित्सा कार्ड वितरित किए। उन्होंने कहा कि पीएम पोषण योजना में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण व्यवस्था में भी अहम योगदान देते हैं।

विधायक ने कहा कि सरकार ने रसोइयों के आर्थिक हितों के साथ उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी है। मानदेय में बढ़ोतरी, दुर्घटना बीमा और कैशलेस इलाज जैसी सुविधाओं से रसोइयों और उनके परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।

साफ-सफाई और पौष्टिक भोजन पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों से विद्यालय की रसोई को साफ-सुथरा रखने और निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को समय से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने भोजन तैयार करते समय सावधानी बरतने और रसोई में अनधिकृत लोगों की आवाजाही पर नजर रखने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अलीगंज विनोद कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार वर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। मानदेय बढ़ने और नई सुविधाओं की घोषणा से अलीगंज व जैथरा के रसोइयों में उत्साह दिखाई दिया।