
बच्चे के सिर पर तमंचा रखकर दी धमकी, मासूम की गर्दन पकड़कर दीवार से पटका; सोने के जेवर और 20 हजार रुपये लूटकर फरार
एटा। थाना जसरथपुर क्षेत्र के महाराजपुर गांव में शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे सात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया। छत के रास्ते जीने से घर में दाखिल हुए बदमाशों ने सो रही महिला और उसके बच्चों को बंधक बनाकर लूटपाट की। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई। शोर मचाने पर बदमाशों ने बच्चे की कनपटी पर तमंचा रखकर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। वारदात के बाद बदमाश सोने के जेवर और 20 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
घटना के संबंध में घायल शिवानी पत्नी सोनू दुबे निवासी महाराजपुर ने बताया कि उनके पति दिल्ली में नौकरी करते हैं। शुक्रवार-शनिवार की रात वह अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थीं। घर के जीने पर गेट नहीं लगा होने का फायदा उठाकर सात बदमाश छत के रास्ते नीचे उतर आए। पीड़िता के मुताबिक सभी बदमाशों ने चेहरे पर नकाब लगा रखा था।
बताया गया कि तीन बदमाशों ने शिवानी को पकड़ रखा था, जबकि दो बदमाश कमरे से सामान निकाल रहे थे। एक बदमाश जीने और दूसरा मुख्य गेट पर निगरानी कर रहा था। बदमाशों की आहट और गतिविधि का विरोध करने पर शिवानी के साथ मारपीट की गई।

शोर मचाने पर बच्चे की कनपटी पर तमंचा रखा
पीड़िता ने बताया कि जब उन्होंने शोर मचाया तो बदमाशों ने उनके बच्चे की कनपटी पर तमंचा रख दिया और धमकाते हुए चुप रहने को कहा। इसके बाद बदमाशों ने उनकी करीब एक साल की मासूम बेटी की गर्दन पकड़कर उसे दीवार से पटक दिया। बच्ची के साथ मारपीट होता देख शिवानी ने हिम्मत जुटाई और एक बदमाश को लात मार दी। इसके बाद बदमाश मौके से भाग निकले।
सोने के जेवर और 20 हजार रुपये ले गए
पीड़िता के अनुसार बदमाश घर से सोने की चेन, कान के झाले, मंगलसूत्र, अंगूठी, कान की बाली सहित करीब 20 हजार रुपये की नकदी लूटकर ले गए। वारदात के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी सुबह पुलिस को दी गई।
घायल महिला अस्पताल में भर्ती
बदमाशों की मारपीट में घायल शिवानी को जसरथपुर पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया। सीएचसी की ट्रेनी स्वास्थ्य स्टाफ सुमिता के अनुसार महिला के बाएं घुटने और बाएं हाथ, चेहरे तथा सिर में चोटें आई हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि महिला की नाक में भी गंभीर चोट है। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा के लिए रेफर किया जा रहा है।

एसएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
डकैती की सूचना मिलते ही एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे, अलीगंज क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह और जसरथपुर थाना प्रभारी सुबोध कुमार उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और बदमाशों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं।
गांव में दहशत का माहौल
आधी रात घर में घुसकर महिला और बच्चों को तमंचे के बल पर धमकाने तथा लूटपाट की घटना से महाराजपुर गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में बदमाशों को लेकर भय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
जसरथपुर थाना प्रभारी सुबोध कुमार उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। घायल महिला को उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा गया है। घटना की हर पहलू से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply