प्रमाण पत्र नहीं मिलने से आगे की पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप, छात्र ने एसडीएम से की शिकायत; प्रधानाचार्य ने बताया फीस बकाया

एटा। श्री रामस्वरूप सिंह इंटर कॉलेज नगला चमन जैथरा से वर्ष 2026 में हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले तीन छात्र-छात्राओं के प्रमाण पत्र नहीं मिलने का मामला सामने आया है। प्रमाण पत्र न मिलने से आगे की पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए ग्राम जमालापुर निवासी छात्र नागेंद्र कुमार ने उपजिलाधिकारी अलीगंज को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने भी इसका संज्ञान लिया है।

नागेंद्र कुमार पुत्र कामेंद्र सिंह ने एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसने वर्ष 2026 में श्री रामस्वरूप सिंह इंटर कॉलेज नगला चमन, जिला एटा से कक्षा 10 की हाईस्कूल परीक्षा उत्तीर्ण की है। उसके साथ विद्यालय की छात्राएं कुमारी पूजा और कुमारी जोनी ने भी हाईस्कूल की परीक्षा पास की है।

छात्र का आरोप है कि परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत पुत्र वीरपाल की ओर से उन्हें हाईस्कूल के प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण आगे की पढ़ाई के लिए प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी हो रही है। छात्रों ने प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने और मामले में कार्रवाई की मांग की है।

प्रधानाचार्य बोले- छात्रों की फीस बकाया

वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत कुमार ने छात्रों के आरोपों से अलग अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि संबंधित छात्र-छात्राओं की फीस बकाया है। उनका कहना है कि छात्र-छात्राएं अब तक कॉलेज भी नहीं आए हैं। फीस और विद्यालय में उपस्थित होने से संबंधित स्थिति स्पष्ट होने के बाद मामले का समाधान किया जाएगा।

एसडीएम ने शिकायत मिलने की पुष्टि की

एसडीएम अलीगंज डॉ. शशि शेखर ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्र की ओर से शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली जा रही है। तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

डीआईओएस ने लिया संज्ञान

मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) डॉ. इंद्रजीत कुमार प्रजापति ने भी प्रकरण का संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं से संबंधित मामला उनके संज्ञान में आया है और उनकी समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा।

डीआईओएस ने कहा कि दो-तीन दिन के भीतर संबंधित छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र दिलाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि प्रमाण पत्र के अभाव में उनकी आगे की पढ़ाई प्रभावित न हो।

फिलहाल मामला छात्रों और विद्यालय प्रबंधन के बीच प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने तथा फीस बकाया होने को लेकर सामने आया है। शिक्षा विभाग के हस्तक्षेप के बाद अब छात्रों को जल्द प्रमाण पत्र मिलने की उम्मीद है।