सकीट/एटा। क्षेत्र की न्याय पंचायत कवार के प्राथमिक विद्यालय कवार प्रथम में मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी नेत्रपाल सिंह की उपस्थिति में संकुल स्तरीय मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की मंशा के अनुरूप विद्यालयों को निपुण बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी नेत्रपाल सिंह ने शिक्षकों से विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों को निपुण बनाने के लिए सभी शिक्षक पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करें। बच्चों की शैक्षिक प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों को आकर्षक बनाने पर चर्चा

नोडल संकुल शिक्षक मो. माजिद ने बैठक में ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने विद्यालयों में आवश्यक कार्यों को पूरा कराने के साथ-साथ परिसर को साफ-सुथरा एवं बच्चों के लिए आकर्षक बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि विद्यालय का वातावरण ऐसा होना चाहिए, जिससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़े और वे उत्साह के साथ विद्यालय आएं।

डीबीटी की धनराशि के सदुपयोग के लिए अभिभावकों को करें प्रेरित

संकुल शिक्षक हृदेश मासूम ने शासन द्वारा डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के खातों में भेजी गई धनराशि के सदुपयोग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों से अभिभावकों को प्रेरित करने को कहा कि डीबीटी की राशि से बच्चों के लिए निर्धारित ड्रेस, जूता-मोजा, स्कूल बैग, स्वेटर आदि आवश्यक सामग्री की खरीद की जाए, ताकि बच्चे आवश्यक सुविधाओं के साथ विद्यालय पहुंच सकें।

बैठक में शिक्षकों ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने, विद्यालयों के शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाने तथा परिसर को आकर्षक बनाने का पूर्ण आश्वासन दिया।

शिक्षकों ने किया प्रतिभाग

इस अवसर पर पुष्पेंद्र कुमार, हरीश कुमार, सत्यप्रकाश, रामकुमार, संदीप गुप्ता, विवेक यादव, श्रद्धा शाक्य, ऋचा हल्दिया, गायत्री यादव, अनीता कुमारी, चंद्र प्रभा, अंजुली, अनुपमा दुबे, राखी सिंह, दीप शिखा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया।