एटा। थाना बागवाला पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मोबाइल की दुकान में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल, लैपटॉप, चार्जर, ईयरबड्स, स्मार्टवॉच सहित अन्य सामान बरामद किया है। घटना में इस्तेमाल किए जाने वाले लोहे के औजार भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
दीवार तोड़कर मोबाइल और लैपटॉप किए थे चोरी
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को वादी ने थाना बागवाला में तहरीर देकर बताया था कि 29/30 जुलाई की रात गोलकुंआ स्थित उसकी मोबाइल की दुकान की दीवार तोड़कर अज्ञात चोर दुकान में घुस गए। चोर दुकान से मोबाइल फोन, लैपटॉप सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे।
तहरीर के आधार पर थाना बागवाला में मुकदमा अपराध संख्या 133/26, धारा 331 व 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था।
चार आरोपियों को दबोचा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना बागवाला पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने जांच और सुरागरसी के बाद घटना में प्रकाश में आए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सौदागर शेख पुत्र फैजुल शेख, निवासी कुरवानी तोला, थाना मानिक चौक, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल, हाल निवासी भूड़ भरत नगर, थाना विजयनगर, गाजियाबाद; गंगा सिंह उर्फ गौरव पुत्र रामपूत सिंह, निवासी उडेसर, थाना एका, जिला फिरोजाबाद, हाल निवासी नगला समन, थाना कोतवाली देहात, एटा; अभि पुत्र गंगा सिंह, निवासी उडेसर, थाना एका, जिला फिरोजाबाद, हाल निवासी नगला समन, थाना कोतवाली देहात, एटा तथा भीष्म पाल पुत्र भरत सिंह, निवासी नगला समन, थाना कोतवाली देहात, एटा शामिल हैं।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक काले रंग का लैपटॉप, 10 की-पैड मोबाइल फोन, सैमसंग के 33 वाट के दो सफेद एडॉप्टर, वीवो के 44 और 120 वाट के एडॉप्टर, रिवेरा कंपनी का 45 वाट का चार्जर, विभिन्न रंगों के ईयरबड्स, पांच स्मार्टवॉच, 11 काले चार्जर, एमआई कंपनी का एडॉप्टर, बोट कंपनी के तीन नेकबैंड, विभिन्न रंगों के डाटा केबल, स्मार्टवॉच चार्जिंग केबल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है।
इसके अलावा पुलिस ने लोहे की दीवार में छेद करने वाला बरमा और लोहे का सब्बल भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक इन्हीं औजारों की मदद से दुकान की दीवार तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बढ़ी धारा
पुलिस ने बताया कि मुकदमे में बरामद माल के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थानास्तर से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
घटना के खुलासे में थाना बागवाला के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह मय टीम, स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक एस.के. निगम मय टीम तथा सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील लाम्बा मय टीम की प्रमुख भूमिका रही।
Leave a Reply