घर की दूसरी मंजिल पर कमरे में लटका मिला शव, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के शिवसिंहपुर में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 30 वर्षीय महिला का शव घर की दूसरी मंजिल पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।

जानकारी के अनुसार हर प्यारी पत्नी नरोत्तम, उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी शिवसिंहपुर का शव रविवार सुबह करीब 7:30 बजे घर की दूसरी मंजिल स्थित कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि उस समय लोग सावन के तीसरे सोमवार की पूजा-अर्चना की तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान घर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

कमरे में महिला का शव फंदे पर लटका देखकर लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया गया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

आपसी कहासुनी के बाद उठाया कदम?

प्रारंभिक जानकारी में बताया जा रहा है कि महिला अपनी तीन बहनों के साथ आसपास के मकानों में रहती थी। चर्चा है कि किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी के बाद महिला ने आवेश में आकर फांसी लगा ली। हालांकि पुलिस ने अभी महिला की मौत को लेकर किसी अंतिम निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना के बाद पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे तथा आसपास के स्थान का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कोतवाली नगर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आत्महत्या की वजह के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही महिला की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।