एटा। अन्नपूर्णा भवन संचालकों एवं उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लाभांश में बढ़ोतरी को लेकर सोमवार को विकासखंड अलीगंज के बैठक सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। बड़ी स्क्रीन के माध्यम से क्षेत्र के कोटेदारों, ग्राम प्रधानों एवं संबंधित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन सुना और शासन की ओर से की गई घोषणाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार की ओर से उचित दर विक्रेताओं के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी गई। प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने की घोषणा से कोटेदारों में खुशी का माहौल दिखाई दिया। लाभांश बढ़ने से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से राहत मिलने की उम्मीद जताई गई।

ई-पास आधारित फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पास आधारित उचित दर विक्रेताओं की फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया गया। इस व्यवस्था के माध्यम से उचित दर विक्रेताओं से खाद्यान्न की आपूर्ति एवं वितरण से संबंधित फीडबैक लिया जा सकेगा।

अधिकारियों ने बताया कि नई व्यवस्था से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में आने वाली समस्याओं, सुझावों और आपूर्ति से जुड़े विषयों की जानकारी बेहतर तरीके से शासन तक पहुंचाई जा सकेगी। इससे खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निगरानी को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

विधायक ने सरकार के निर्णय को बताया हितकारी

अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार उचित दर विक्रेताओं और अन्नपूर्णा भवन संचालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। लाभांश में बढ़ोतरी से कोटेदारों को आर्थिक लाभ मिलेगा और इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। नई फीडबैक व्यवस्था से राशन वितरण से संबंधित समस्याओं को भी प्रभावी ढंग से सामने लाने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने पारदर्शी वितरण पर दिया जोर

लाइव कार्यक्रम के बाद अधिकारियों ने उपस्थित उचित दर विक्रेताओं को शासन की नई व्यवस्थाओं और निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने कोटेदारों से पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न समय से उपलब्ध कराने तथा वितरण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में एसडीएम अलीगंज डॉ. शशि शेखर, बीडीओ शिवशंकर शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन शाक्य, पूर्ति निरीक्षक अलीगंज हरीश रंजन, पूर्ति निरीक्षक धारणा चौहान, विधायक पुत्र सूरज सिंह राठौर सहित ग्राम प्रधान, उचित दर विक्रेता एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान उपस्थित लोगों ने शासन की घोषणाओं और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में लागू की जा रही नई व्यवस्थाओं को ध्यानपूर्वक सुना। लाभांश बढ़ोतरी को कोटेदारों ने सरकार की ओर से उनके हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।