अलीगढ़ से वाहन में लाया जा रहा था संदिग्ध पनीर, मुखबिर की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने राधा डेयरी पर की कार्रवाई; सैंपल जांच के लिए भेजा

कासगंज। मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार रात बड़ी कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर टीम ने अलीगढ़ की ओर से वाहन में लाया जा रहा करीब 200 किलोग्राम दुर्गंधयुक्त पनीर पकड़ लिया। जांच में पनीर मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मिलने पर टीम ने उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया। पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

रात 11 बजे डेयरी पर पहुंची टीम

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II कुलदीप सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार देव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रतिमा त्रिपाठी की टीम को सूचना मिली थी कि अलीगढ़ की ओर से एक वाहन में संदिग्ध पनीर लाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हुई और वाहन की निगरानी शुरू कर दी। बुधवार रात करीब 11 बजे सलेमपुर बीबी रोड स्थित अशोक नगर की राधा डेयरी पर टीम ने वाहन को पकड़ लिया। उस समय वाहन से पनीर उतारा जा रहा था।

तेज दुर्गंध आने पर अधिकारियों ने रोका

खाद्य सुरक्षा टीम ने पनीर की जांच की तो उसमें तेज दुर्गंध मिली। करीब 200 किलो पनीर मानव स्वास्थ्य के लिए अनुपयुक्त पाया गया। अधिकारियों ने तत्काल पनीर का नमूना सुरक्षित किया और जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया।

वहीं, खराब पनीर को बाजार में पहुंचने से रोकने के लिए शेष करीब 200 किलो पनीर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

रिपोर्ट आने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II कुलदीप सिंह ने बताया कि पनीर का नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में खलबली मची हुई है।