एटा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को कस्बा राजा का रामपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए, जिससे पूरा कस्बा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पूर्व चेयरमैन महावीर सिंह राठौर और विधायक पुत्र जीतू राठौर ने तिरंगा झंडा फहराकर किया। इसके बाद दोनों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। मोटरसाइकिलों पर लहराते राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों ने वातावरण में जोश भर दिया।

यात्रा कस्बे के पेट्रोल पंप से शुरू हुई। यहां से तिरंगा यात्रा मडिया चौराहा पहुंची और इसके बाद सदर बाजार, डाकखाना, मोहल्ला घेर तथा कोरियान होते हुए निर्धारित मार्ग से वापस पेट्रोल पंप पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने यात्रा को देखकर तिरंगे का अभिवादन किया और देशभक्ति के नारों में अपनी सहभागिता की।

तिरंगा यात्रा में शामिल युवा और कार्यकर्ता देशभक्ति गीतों की धुन पर उत्साह के साथ आगे बढ़ते नजर आए। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और देशभक्ति के अन्य नारों से कस्बे का माहौल गूंज उठा। यात्रा के माध्यम से लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता दिखाई गई। बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलों के साथ निकली यात्रा के कारण कस्बे के प्रमुख मार्गों पर लोगों की भीड़ दिखाई दी। तिरंगा यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह बना रहा।

इस मौके विधायक पुत्र जीतू राठौर ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली गई इस यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को देश के प्रति जिम्मेदारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से परिचित कराना है।

तिरंगा यात्रा में भाजपा मंडल अध्यक्ष सोमेंद्र सिंह राठौर, अखिलेश सिंह राठौर, हिमांशु दीक्षित, ऋषभ चौहान, देवराज चौहान, अनीस अहमद, प्रवीण भदौरिया, रामानंद मिश्रा, पवन गुप्ता, सोहन मिश्रा, बहाल मियां, दीपू मिश्रा, रवि प्रताप सिंह, मले चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। यात्रा के समापन पर सभी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।