
सावन के दूसरे सोमवार पर तहसील प्रशासन ने लगाया सेवा शिविर, एसडीएम डॉ. शशि शेखर समेत अधिकारियों ने कांवड़ियों को बांटा प्रसाद
एटा। सावन के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर अलीगंज में सोमवार को आस्था और सेवा का संगम देखने को मिला। भगवान शिव की भक्ति में गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले शिवभक्तों की सेवा के लिए तहसील प्रशासन की ओर से रोडवेज बस स्टैंड के सामने विशेष सेवा पंडाल लगाया गया। सेवा शिविर में कांवड़ियों और शिवभक्तों का स्वागत कर उन्हें प्रसाद वितरित किया गया।
सेवा पंडाल में उप जिलाधिकारी अलीगंज डॉ. शशि शेखर, तहसीलदार संजय सिंह, क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता बॉबी, नगर पालिका के कृष्ण प्रताप सरल तथा कोतवाली अलीगंज प्रभारी निरीक्षक रुपेश कुमार वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्वयं कांवड़ियों को प्रसाद वितरित कर उनकी सेवा की।
सावन के दूसरे सोमवार को सुबह से ही अलीगंज क्षेत्र शिवभक्ति से सराबोर नजर आया। गंगाघाटों से पवित्र जल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कांवड़ियों के जत्थे ‘हर हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे। कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह लगे सेवा शिविरों में स्थानीय लोगों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी शिवभक्तों की सेवा करते दिखाई दिए।
‘शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य और पुण्य का कार्य’
एसडीएम अलीगंज डॉ. शशि शेखर ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव की भक्ति में कांवड़ लेकर जा रहे शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य और पुण्य का कार्य है। प्रशासन की प्राथमिकता कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से कांवड़ मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
तहसील प्रशासन द्वारा लगाए गए सेवा पंडाल में कांवड़ियों को प्रसाद वितरण के साथ उनकी सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया। अधिकारियों की मौजूदगी और सेवा भाव से कांवड़ियों में भी उत्साह नजर आया। आस्था के साथ प्रशासनिक सेवा की इस पहल ने कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा, सुरक्षा और समर्पण का संदेश दिया।

Leave a Reply