एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र में काली नदी पुल के पास महिला से झुमका लूटने की घटना का पुलिस ने 14 दिन बाद खुलासा करते हुए दो शातिर अंतरजनपदीय लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक झुमका, दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, अन्य घटनाओं से संबंधित सोने की चैन, मोबाइल फोन, 15,700 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की शाम काली नदी पुल के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने एक महिला और पुरुष की बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया था। इसके बाद महिला के कान से झुमका लूटकर आरोपी अमांपुर की ओर फरार हो गए थे। घटना के संबंध में कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी।

घटना के शीघ्र अनावरण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन ने पुलिस टीमों को निर्देश दिए थे। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह के नेतृत्व में कोतवाली देहात पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोहित पुत्र राजेंद्र प्रसाद, उम्र करीब 23 वर्ष और सचिन पुत्र मुकेश कुमार, उम्र करीब 19 वर्ष, निवासी ग्राम नवाबगंज नगरिया, थाना सिकंदरपुर वैश्य, जनपद कासगंज को गिरफ्तार कर लिया।

कई जिलों में वारदात करने का आरोप

पूछताछ में पुलिस को आरोपियों के अंतरजनपदीय आपराधिक नेटवर्क का पता चला। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने एटा के अलावा कासगंज, फर्रुखाबाद, बरेली और शाहजहांपुर जनपदों में भी लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। मिरहची क्षेत्र में भी दोनों ने एक युवक-युवती से थैला लूटने का प्रयास किया था, लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके।

पुलिस ने आरोपियों से बरामद सामान को अलग-अलग घटनाओं से संबंधित बताया है। मामले में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ये हुई बरामदगी

  • 26 जुलाई की घटना से संबंधित एक पीली धातु का झुमका
  • दो देशी तमंचे 315 बोर
  • तीन जिंदा कारतूस 315 बोर
  • बिना नंबर प्लेट काले रंग की एक्सट्रीम बाइक
  • अन्य घटना से संबंधित पीली धातु की एक चैन
  • रेडमी कंपनी का ग्रे रंग का मोबाइल फोन
  • 15,700 रुपये नकद

कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अमांपुर (कासगंज), मिरहची (एटा), कम्पिल (फर्रुखाबाद), फतेहगंज पूर्वी (बरेली), जैतीपुर (शाहजहांपुर) और कोतवाली देहात (एटा) में लूट, मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली देहात प्रभारी कृष्णकांत लोधी मय टीम, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक एसके निगम मय टीम, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील लाम्बा मय टीम तथा मरथरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अफसर खान शामिल रहे।