गैसिंहपुर गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास की घटना, घायल बच्चे का अलीगंज सीएचसी में कराया गया मेडिकल

एटा। जसरथपुर थाना क्षेत्र के गैसिंहपुर गांव में 11 वर्षीय बच्चे के साथ मारपीट कर उसे कथित तौर पर कब्रिस्तान में घसीटकर ले जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर बच्चे के पिता एवं गैसिंहपुर गांव के प्रधान अरमान खान ने जसरथपुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायल बच्चे का चिकित्सीय परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

गैसिंहपुर निवासी अरमान खान ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि सात अगस्त को उनका करीब 11 वर्षीय बेटा रिहान घर से खाने-पीने का जरूरी सामान लेने के लिए गांव की ओर जा रहा था। आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय गैसिंहपुर के पास दो युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और पीछे से रिहान के सिर में घूंसा मार दिया। बच्चे द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उसे पास स्थित कब्रिस्तान की ओर घसीटकर ले गए।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बच्चे के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे। इस पर आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना के बाद बच्चा काफी डरा हुआ था। परिजनों के अनुसार उसने अगले दिन उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी।

पीड़ित पिता ने प्रार्थना पत्र में कुछ लोगों पर बच्चे की रेकी करने और उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

घायल बच्चे का कराया गया मेडिकल

घटना की जानकारी मिलने के बाद जसरथपुर पुलिस ने घायल रिहान का चिकित्सीय परीक्षण कराया। बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसका मेडिकल परीक्षण किया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना से बच्चा काफी भयभीत है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई : प्रभारी निरीक्षक

थाना जसरथपुर के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार उपाध्याय ने बताया कि घायल बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।