सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

एटा। कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय एवं एडीएम प्रशासन संगमलाल ने थाना कोतवाली देहात, थाना अवागढ़ और थाना सकरौली क्षेत्र में पड़ने वाले कांवड़ रूट का भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों के आवागमन के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्ग पर आने-जाने वाले रास्तों की स्थिति, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए की गई तैयारियों को देखा। इसके साथ ही मार्ग पर बनाए गए पुलिस सहायता केंद्र और निशुल्क स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।

अधिकारियों ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, जिससे कांवड़ियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

एएसपी ने कांवड़ मार्ग पर लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखी जाए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखते हुए किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए। पुलिसकर्मी कांवड़ियों से समन्वय बनाए रखें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं।

निरीक्षण के दौरान पार्किंग स्थलों पर यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों को भी परखा गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर यातायात का संचालन निर्धारित व्यवस्था के अनुसार किया जाए तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक टीमें पूरी तरह तैयार रहें।

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता है। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार के संबंध में निर्देश दिए।

एएसपी श्वेताभ पाण्डेय एवं एडीएम प्रशासन संगमलाल के निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पुलिस सहायता और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर तैयारियों को और प्रभावी बनाने का भरोसा दिलाया। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।