एटा। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने थाना मिरहची एवं थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह भी मौजूद रहे। एएसपी ने कांवड़ मार्ग पर रूट डायवर्जन, यातायात व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, चेतावनी एवं सांकेतिक सूचना बोर्डों सहित विभिन्न सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस सहायता केंद्रों, मेडिकल बूथों तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए शिविरों और भंडारों का भी जायजा लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने, यातायात को निर्बाध रूप से संचालित करने, किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जनपद पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।