एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव नगला रामजीत में रविवार सुबह फावड़े को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर फावड़े और लाठियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल की हालत नाजुक होने पर उसे उपचार के लिए आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के अनुसार, गांव नगला रामजीत निवासी जितेंद्र सिंह (मास्टर) रविवार सुबह करीब 8:30 बजे फावड़ा लेकर खेत पर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही संदीप, छोटा और सचिन, पुत्रगण यशवीर, ने उनके हाथ में फावड़ा देखकर उस पर अपना अधिकार जताया। इसी बात को लेकर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी दौरान यशवीर की पत्नी करू देवी भी मौके पर पहुंच गईं और कथित रूप से फावड़े से मारने के लिए उकसाया। इसके बाद संदीप ने फावड़े से जितेंद्र सिंह के सिर पर वार कर दिया, जबकि छोटा और सचिन ने लाठियों से मारपीट की। हमले में घायल के सिर पर गंभीर चोटें आईं तथा कान और नाक से खून बहने लगा। घायल बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
परिजनों का आरोप है कि हमलावर घायल को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बाद में आसपास के लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए टीआर हॉस्पिटल, सौफुटा रोड, आगरा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। शिकायत में घायल की हालत अत्यंत गंभीर बताते हुए पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply