एटा। कस्बा राजा का रामपुर के मोहल्ला कुंजड़ियान स्थित दिनेश गुप्ता के आवास पर शनिवार शाम भारतीय वैश्य महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, मजबूती और समाज हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक में पदाधिकारियों ने आगामी 2 अगस्त 2026 को अलीगंज में आयोजित होने वाले भारतीय वैश्य महासभा के वैश्य सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में समाज के लोगों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों से कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती समाज की एकता पर निर्भर करती है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत बनाने और समाज के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करना चाहिए।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, नए सदस्यों को जोड़ने तथा समाज के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास करने पर भी जोर दिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेते हुए इसकी तैयारियों पर भी चर्चा की।

बैठक में भारतीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता सहित सूर्यकांत गुप्ता, मुन्ना बाबू गुप्ता, दिनेश गुप्ता, कैलाश चंद्र गुप्ता, राकेश गुप्ता, अक्षत गुप्ता, शिवम गुप्ता, राजू गुप्ता, उमंग गुप्ता, मनोज गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, मयंक गुप्ता, पवन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।