
एटा। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। एआरटीओ शिवम कुमार के नेतृत्व में अलीगंज और नया गांव थाना क्षेत्र में चलाए गए सघन प्रवर्तन अभियान के दौरान बिना फिटनेस और परमिट के संचालित पांच स्कूली वाहनों को सीज किया गया। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले सात वाहनों के चालान कर 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अलीगंज में तीन स्कूली वाहन सीज
परिवहन विभाग की टीम ने सबसे पहले अलीगंज थाना क्षेत्र में कायमगंज रोड, मैनपुरी रोड, एटा रोड और सराय रोड पर स्कूली वाहनों की जांच की। टीम ने वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की।
जांच के दौरान तीन स्कूली वाहन बिना परमिट और बिना फिटनेस के बच्चों को ले जाते मिले। दस्तावेजों में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर तीनों वाहनों को तत्काल सीज कराकर थाना अलीगंज में खड़ा कराया गया।
नया गांव में भी दो वाहन पकड़े
अलीगंज के बाद प्रवर्तन टीम ने नया गांव थाना क्षेत्र में भी अभियान चलाया। यहां जांच के दौरान दो स्कूली वाहन बिना फिटनेस और परमिट के संचालित पाए गए। परिवहन विभाग ने दोनों वाहनों को सीज कराकर थाना नया गांव में खड़ा करा दिया।
सात वाहनों पर 60 हजार का जुर्माना
अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की। कुल सात वाहनों के चालान किए गए, जिन पर परिवहन विभाग ने 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं
एआरटीओ शिवम कुमार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत अनफिट और बिना परमिट संचालित स्कूली वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने स्कूली वाहन संचालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेज समय से दुरुस्त रखें। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply