एटा। जैथरा क्षेत्र के ग्राम वरना स्थित श्री पिप्लेश्वर नाथ शिव मंदिर परिसर में सोमवार को दिव्य शिव महापुराण कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कलश स्थापना की गई। इसके बाद बाजे-गाजे और भगवान शिव के जयघोष के साथ श्रद्धा एवं भक्ति से ओतप्रोत कलश यात्रा निकाली गई।

कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यात्रा श्री पिप्लेश्वर नाथ शिव मंदिर से प्रारंभ होकर गायत्री मंदिर तक पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा का स्वागत कर भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

आयोजकों ने बताया कि दिव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन 3 अगस्त से 11 अगस्त तक किया जा रहा है। प्रतिदिन दोपहर 11 बजे से शाम 6:30 बजे तक आचार्य प्रभात तिवारी श्रद्धालुओं को शिव महापुराण की अमृतमयी कथा का श्रवण कराएंगे। यह आयोजन महाराज एवं पितरों के आशीर्वाद से संपन्न हो रहा है।

कथा के दौरान श्री पुराण पूजन, नारद-सती प्रसंग, माता पार्वती एवं भगवान शिव विवाह उत्सव, तारकासुर वध, श्री गणेश चरित्र, तुलसी विवाह, नंदी चरित्र, कालभैरव महिमा, द्वादश ज्योतिर्लिंग प्राकट्य, शिव रहस्य कथा तथा रुद्राक्ष महिमा जैसे प्रमुख प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। कथा का समापन 11 अगस्त को पूर्णाहुति एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा।

आयोजकों ने बताया कि कथा अवधि के दौरान प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक भी कराया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाएं ग्राम वरना के ग्रामीणों द्वारा सामूहिक रूप से की जा रही हैं।