
आधा दर्जन लोगों पर घर पर पहुंचकर दर्जनों राउंड फायरिंग करने का आरोप, गंभीर हालत में सैफई रेफर
एटा। जैथरा थाना क्षेत्र के ढकपुरा गांव में खेत में पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाने को लेकर रविवार देर रात विवाद के बाद फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि आधा दर्जन लोग हथियारों से लैस होकर पहुंचे और घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान गोली लगने से 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली किशोर की आंख में जा धंसी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घटना रविवार देर रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, फायरिंग की आवाज सुनकर 14 वर्षीय आशु पुत्र नरेंद्र उठकर बाहर की ओर आया, तभी एक गोली उसकी आंख में जा लगी। गोली लगते ही किशोर खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, गोली लगने से किशोर की एक आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जबकि गोली दूसरी आंख में भी धंसने की बात बताई जा रही है। फिलहाल किशोर का सैफई में उपचार चल रहा है।
शाम को हुआ था विवाद
बताया गया है कि गांव निवासी अमित अपने खेत में पानी लगाने के लिए आरसी सेंटर की ओर से पाइप लाइन बिछा रहा था। पाइप लाइन आरोपियों के खेत के बगल से निकलने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि जनडैल, सत्यराम, धीरज, मुरलीधर और ओमसरन समेत अन्य लोगों ने इसका विरोध किया। रविवार शाम दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया।
ग्रामीणों ने झगड़े की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि देर रात करीब 12:30 बजे आरोपी पक्ष के लोग दोबारा एकत्र होकर हथियारों के साथ पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान कई राउंड गोलियां चलने की बात कही जा रही है।
पीड़ित पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
अमित पुत्र हरिश्चंद्र ने बताया कि उसने अपने खेत में पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाई थी। इसी को लेकर जनडैल, सत्यराम, धीरज, मुरलीधर और ओमसरन विवाद कर रहे थे। शाम को पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हो गया था। आरोप है कि रात में सभी लोग दोबारा एकत्र होकर आए और फायरिंग कर दी। इसी दौरान गोली लगने से आशु घायल हो गया।
लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात
थाना प्रभारी जैथरा सुनील कुमार ने बताया कि शाम को पाइप लाइन बिछाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और समझाकर विवाद शांत करा दिया था। रात में दोबारा फायरिंग की घटना हुई, जिसमें 14 वर्षीय किशोर को गोली लगी है। उसका उपचार चल रहा है। लिखित शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले में जांच कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply