सकीट। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को ब्लॉक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय सकतपुर में ‘विकसित भारत-मेरे सपनों का भारत’ विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों के माध्यम से विकसित भारत की अपनी कल्पना को कागज पर उकेरा। कक्षा पांच के विद्यार्थियों ने पोस्टर बनाकर ‘पानी बचाओ, पेड़ लगाओ और वृक्षों की सुरक्षा करो’ जैसे महत्वपूर्ण पर्यावरणीय संदेश दिए। बच्चों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।

अभिभावकों ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में आमंत्रित अभिभावकों का प्रधानाध्यापिका अनुपमा द्विवेदी ने स्वागत किया। सहायक अध्यापिका राखी सिंह ने पेंटिंग प्रतियोगिता के उद्देश्य और गतिविधि के संबंध में बच्चों व अभिभावकों को जानकारी दी। विद्यालय पहुंचे अभिभावकों ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों और चित्रों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों की कल्पनाशीलता और प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति बच्चों में जागरूकता भी बढ़ती है।

इस अवसर पर प्रियंका, रागिनी, नंदनी, रमाकांत, प्रिया, ममता राजपूत, प्रभा, गायत्री सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।