
सकीट। खंड विकास कार्यालय परिसर में शुक्रवार को ऑल इंडिया किसान यूनियन की मासिक पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी साफ-सफाई, पेयजल, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और ग्राम सचिवालय में अधिकारियों की उपलब्धता समेत विभिन्न समस्याओं पर किसानों ने विस्तार से चर्चा की। किसानों ने संबंधित विभागों से समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
पंचायत की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनोहर सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने की। बैठक में किसानों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था नहीं होने से जगह-जगह गंदगी की समस्या बनी हुई है। वहीं कई स्थानों पर हैंडपंप खराब होने से ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद गांवों में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे ग्रामीणों में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
चार सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
पंचायत के बाद प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह वर्मा और युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष मनोहर सिंह के नेतृत्व में किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने आरडी सहायक विकास अधिकारी गिरीश चंद्र तथा समाज कल्याण सहायक विकास अधिकारी प्रांशु वर्मा को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम पंचायत सूरिहल के मजरा उमरायपुर में तैनात सफाई कर्मी के अस्वस्थ होने के कारण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में गांव में सफाई व्यवस्था सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक सफाई कर्मी की व्यवस्था कराई जाए।
खराब हैंडपंप और मच्छरों के प्रकोप का मुद्दा उठाया
किसान यूनियन ने उमरायपुर दंडिया माफी में मंदिर के पास खराब पड़े हैंडपंप को ठीक कराने की मांग की। किसानों का कहना है कि हैंडपंप खराब होने के कारण आसपास के लोगों को पेयजल के लिए परेशानी हो रही है।
इसके अलावा बीगौर, सूरिहल और नगला हमीर गांव में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए दवा का छिड़काव कराने की मांग की गई। किसानों ने कहा कि गांवों में नियमित रूप से मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराया जाए, ताकि संक्रामक बीमारियों की आशंका को कम किया जा सके।
सचिवालय में अधिकारी की मौजूदगी की मांग
ज्ञापन में सूरिहल ग्राम सचिवालय में सप्ताह में एक दिन बीएओ के बैठने की व्यवस्था कराने की मांग भी की गई। किसान यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि गांव में ही संबंधित अधिकारी के उपलब्ध रहने से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ब्लॉक कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
किसान यूनियन ने सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई किए जाने की मांग की। अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर संबंधित समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह वर्मा, मनोहर सिंह, वीरेंद्र सिंह, रोहन लाल, नवाब सिंह, ओम खिलाड़ी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Leave a Reply