एटा। कस्बा राजा का रामपुर के मोहल्ला मलियान स्थित पहरा-रुदायन मार्ग पर शुक्रवार को बंदरों के दो झुंडों के बीच हुए भीषण संघर्ष के कारण करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान सड़क पर बंदरों का कब्जा बना रहा, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदरों के दोनों झुंड सड़क के बीचों-बीच एक-दूसरे से भिड़ गए। लगातार हो रहे संघर्ष के कारण कोई भी व्यक्ति मार्ग से गुजरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। स्कूल जाने वाले बच्चे, स्थानीय निवासी और अन्य राहगीर दूर खड़े होकर तमाशा देखते रहे। लगभग आधे घंटे बाद एक भारी वाहन के आने पर बंदर सड़क से हटे और उनका संघर्ष पास की एक गली में पहुंच गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कस्बे में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन बंदर लोगों पर हमला कर देते हैं, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में दहशत का माहौल बना रहता है। लोगों का कहना है कि बंदरों की वजह से कई छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें पकड़ने या उनके आतंक से राहत दिलाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और वन विभाग से बंदरों के बढ़ते आतंक पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
Leave a Reply