
एटा। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के जमदग्नि क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष एडवोकेट गौरव मिश्रा के प्रथम जनपद एटा आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रजत तिवारी सहित युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष ऋषभ चौहान, छात्र संघ जिलाध्यक्ष अखिल तोमर, उद्योगपति सुमित मिश्रा, जिला सचिव अचल दुबे, उद्योगपति सुमित दीक्षित, नगर सचिव पुष्पेंद्र मिश्रा, जिला सचिव शिवम शर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष एडवोकेट गौरव मिश्रा ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आरक्षण संबंधी आंदोलन और आरक्षण व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि आरक्षण का मूल उद्देश्य समाज के वंचित, गरीब और शोषित वर्गों को मुख्यधारा में लाना है, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग इसका वास्तविक लाभ पाने से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ उन लोगों तक पहुंचना चाहिए, जिनके सामाजिक एवं शैक्षणिक पिछड़ेपन को दूर करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई थी। उन्होंने कहा कि यदि आरक्षण का लाभ बार-बार अपेक्षाकृत सक्षम वर्ग तक ही सीमित रह जाता है तो इस व्यवस्था पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए, ताकि वास्तविक रूप से वंचित लोगों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आरक्षित सीटों और आरक्षण व्यवस्था का उद्देश्य राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधित्व को व्यापक बनाना है। उन्होंने आरक्षण के मुद्दे पर व्यापक सामाजिक एवं राजनीतिक चर्चा की आवश्यकता पर जोर दिया।
राष्ट्र निर्माण और आर्थिक व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि आम आदमी पर बढ़ते करों और आर्थिक बोझ को नियंत्रित करने के लिए सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। उन्होंने BSNL, MTNL, रेलवे सहित सार्वजनिक क्षेत्र के घाटे वाले संस्थानों की आर्थिक स्थिति सुधारने और उन्हें मजबूत बनाने के लिए ठोस नीति तैयार करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की वास्तविक प्रगति केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि मजबूत अर्थव्यवस्था, रोजगार के अवसर, बेहतर सार्वजनिक संस्थानों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचने से होगी।
एडवोकेट गौरव मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल सत्ता में आने पर प्रभावी, पारदर्शी और विकसित राष्ट्र के निर्माण की दिशा में कार्य करेगा। पार्टी का प्रयास होगा कि आरक्षण का वास्तविक लाभ जरूरतमंद अनुसूचित जाति, दलित तथा अन्य वंचित वर्गों तक पहुंचे और उन्हें समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ने का अवसर मिले।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव और जन-जन तक मजबूत करने तथा आम जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का विश्वास व्यक्त किया।
Leave a Reply