पांच स्वास्थ्य केंद्रों पर लगा आरोग्य मेला, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भी हुई जांच
एटा। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के तहत रविवार को ब्लॉक अलीगंज के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। मेले में क्षेत्र के ग्रामीणों और अन्य लोगों ने पहुंचकर नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। अलग-अलग केंद्रों पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीमों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पूरे क्षेत्र में आयोजित मेले में कुल 435 मरीजों का पंजीकरण कर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भदकी, नायगांव, नगला गजपत और अलीपुर में भी स्वास्थ्य मेले लगाए गए। यहां सुबह से ही मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच करने के साथ उनकी समस्याओं के अनुसार उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराईं। बदलते मौसम का असर भी मरीजों की सेहत पर दिखाई दिया। सबसे अधिक मरीज एलर्जी, दाद-खुजली, सर्दी-जुकाम और मौसम से जुड़ी अन्य बीमारियों की शिकायत लेकर पहुंचे। स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य की भी विशेष रूप से जांच की गई। चिकित्सकों ने लोगों को मौसम में बदलाव के दौरान स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी। लोगों को साफ-सफाई रखने, खानपान में सतर्कता बरतने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए जागरूक किया गया।
Leave a Reply