
एटा। हरियाली तीज के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन एटा में वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी. के निर्देशन में किया गया। इस दौरान पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्षा वामा सारथी पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन डॉ. प्रगति तथा मुख्य अतिथि डॉ. निमिषा की उपस्थिति रही। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। हरियाली तीज के अवसर पर महिलाओं के लिए ‘मिस तीज’ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें श्रीमती नेहा कुंतल को ‘मिस तीज’ चुना गया।
इसके अलावा बच्चों एवं महिलाओं के लिए राखी मेकिंग, थाली सज्जा, मेहंदी, डांस, रंगोली एवं तिरंगा प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने आकर्षक रंगोलियां बनाईं, मेहंदी रचाई और सुंदर ढंग से सजी थालियां प्रस्तुत कीं। बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। तिरंगा प्रतियोगिता के दौरान देशभक्ति का उत्साह भी देखने को मिला।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की गई। कार्यक्रम के दौरान हरियाली तीज की उमंग के साथ स्वतंत्रता दिवस को लेकर देशभक्ति का वातावरण भी बना रहा।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, श्रीमती ऋषिता सिंह, श्रीमती अनीता गौतम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा पुलिस परिवार की महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे। कार्यक्रम हर्षोल्लास, उमंग, देशभक्ति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply