
एटा। शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र के सुनहरी नगर में मंगलवार को करंट लगने से 10 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार बताते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, राधा विहार निवासी आर्य (10) पुत्र राजीव यादव अपने छोटे भाई को ट्यूशन छोड़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पार्क के पास ट्रॉली पर रखे मूविंग ट्रांसफार्मर में उतरे करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित ट्रांसफार्मर पिछले करीब चार महीने से ट्रॉली पर ही रखा हुआ था। इसकी जानकारी और शिकायत कई बार विद्युत विभाग को दी गई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग ने कार्रवाई की होती तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Leave a Reply