एटा। कस्बा मारहरा के बस्ती चौराहे पर मंगलवार को नगर पालिका द्वारा लगाए गए सार्वजनिक वाटर फ्रीजर में करंट उतर आने से बड़ा हादसा टल गया। पानी पीने गई छह वर्षीय बच्ची करंट की चपेट में आ गई, लेकिन आसपास मौजूद लोगों की तत्परता से उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी असलम की छह वर्षीय बेटी फिजा मंगलवार को बस्ती चौराहे पर लगे सार्वजनिक वाटर फ्रीजर से पानी पीने पहुंची थी। जैसे ही उसने फ्रीजर को छुआ, उसमें दौड़ रहे करंट की चपेट में आ गई। बच्ची की चीख सुनकर आसपास के दुकानदार तत्काल मौके पर पहुंचे और सूझबूझ से उसे सुरक्षित करंट से अलग कर दिया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय नागरिकों में नाराजगी फैल गई। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर लगे वाटर फ्रीजर की नियमित जांच और रखरखाव नहीं होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि कस्बे में लगे सभी सार्वजनिक वाटर फ्रीजर की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए तथा खराब या करंट प्रवाहित करने वाले उपकरणों को तुरंत ठीक कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
Leave a Reply