
मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 के तहत विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा से बचाव का दिया जाएगा प्रशिक्षण
एटा। मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 के तहत जिले के 200 विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को विभिन्न आपदाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों से बचाव के लिए जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई।
बैठक में बताया गया कि चयनित 200 विद्यालयों में निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार सुरक्षा संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसका उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को आपदा की स्थिति में सुरक्षित रहने तथा तत्काल आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रशिक्षित करना है।
आग, भूकंप और आकाशीय बिजली से बचाव की मिलेगी जानकारी
कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में अग्नि सुरक्षा, भूकंप, आकाशीय बिजली, बाढ़ एवं जलभराव सहित अन्य आपदाओं से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। इसके साथ ही आपातकालीन प्रतिक्रिया और सुरक्षित निकासी की जानकारी भी विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को दी जाएगी।
विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ जरूरत के अनुसार मॉक ड्रिल, जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में विद्यार्थियों और शिक्षकों को घबराने के बजाय त्वरित एवं सुरक्षित कार्रवाई के लिए तैयार करना है।
अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्यक्रम संचालित कराने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम संचालित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चयनित प्रत्येक विद्यालय में सुरक्षा संबंधी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्यक्रम समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) चंद्र प्रकाश पाठक, डीसी मनोज यादव, 43वीं वाहिनी पीएसी, क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और जिला आपदा विशेषज्ञ राणा प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply