
डीएम अरविंद सिंह ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व, लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
एटा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है। अभियान के तहत आगामी 15 अगस्त तक जिले में करीब चार लाख तिरंगे फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अरविंद सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर अभियान की तैयारियों और विभागवार जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को महज सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जन-जन का अभियान बनाया जाए। उन्होंने कहा कि देश का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव, सम्मान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाए।
डीएम ने कहा कि जनपद में अभियान के अंतर्गत चार लाख तिरंगे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग को आवंटित लक्ष्य एवं दायित्वों को पूरी गंभीरता, सक्रियता और समयबद्धता के साथ पूरा करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और अभियान की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी एवं निजी भवनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यालयों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया जाए। इसके साथ ही विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। गांव से लेकर शहर तक व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को अभियान से जोड़ा जाए।
बैठक में अधिकारियों को अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 06 से 08 अगस्त तक प्रथम चरण, 09 से 12 अगस्त तक द्वितीय चरण तथा 13 से 15 अगस्त तक तृतीय चरण में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम, तिरंगा वितरण तथा जागरूकता कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके अलावा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर भी शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने के साथ ही उनमें आमजन की सहभागिता बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कहा कि तिरंगा फहराते समय राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा, सम्मान और निर्धारित नियमों का पूरा ध्यान रखा जाए। अभियान के दौरान तिरंगे का किसी भी स्थिति में अनुचित प्रयोग न हो और कार्यक्रमों के बाद भी राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया जाए।
उन्होंने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सौंपे गए दायित्वों को समय सीमा के भीतर पूरा करें। अभियान की गतिविधियों की प्रभावी निगरानी की जाए और जहां भी किसी प्रकार की कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर किया जाए। डीएम ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ राष्ट्रभक्ति, एकता और सामूहिक सहभागिता का पर्व है, इसलिए इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डीसी एनआरएलएम विकल कुमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव, बीएसए अनुपम अवस्थी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply