पर्चे में लिखा— “पापा मुझे ढूंढना नहीं, मैं कूद गया हूं”; गोताखोर और स्टीमर से गंगा में तलाश जारी

एटा। मंगलवार सुबह पिता से 100 रुपये लेकर घूमने की बात कहकर घर से निकला 30 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। कुछ घंटों बाद फर्रुखाबाद के शमशाबाद क्षेत्र स्थित ढाई घाट पुल के पास उसके कपड़े और एक पर्चा मिलने से हड़कंप मच गया। पर्चे में युवक ने पिता को संबोधित करते हुए लिखा कि उसे तलाश न किया जाए और वह नदी में कूद रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने गोताखोरों और स्टीमर की मदद से गंगा में तलाश अभियान शुरू कराया।

थाना अलीगंज क्षेत्र के मोहल्ला छेदालाल गौड़ निवासी गौरव गुप्ता उर्फ चंदन (30) पुत्र रमेश चंद्र गुप्ता मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे घर से निकला था। परिजनों के अनुसार, उसने पिता से 100 रुपये लिए और घूमने जाने की बात कही। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा।

10 बजे मिली सूचना, ढाई घाट पहुंचा परिवार

काफी समय तक गौरव के घर न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने रिश्तेदारों, परिचितों और उसके दोस्तों से संपर्क कर तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच करीब 10 बजे पुलिस की ओर से सूचना मिली कि ढाई घाट पुल के पास युवक के कपड़े और एक पर्चा मिला है।

पर्चे ने बढ़ाई अनहोनी की आशंका

मौके से मिले पर्चे में लिखा था— “पापा मुझे ढूंढना नहीं, मैं कूद गया हूं।” इसके बाद युवक के पुल से नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हालत में ढाई घाट पहुंच गए।

गोताखोर और स्टीमर से नदी में सर्च ऑपरेशन

पुलिस ने गोताखोरों और स्टीमर की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। समाचार लिखे जाने तक गौरव का कोई पता नहीं चल सका था। नदी में लगातार तलाश अभियान जारी है।

परिवार में मचा कोहराम

युवक के लापता होने और नदी में कूदने की आशंका के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे गौरव के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ युवक की तलाश में जुटी हुई है।