चार बच्चों की परीक्षा फीस मांगने से नाराज पिता तमंचा लेकर पहुंचा स्कूल; प्रधानाचार्य के कार्यालय के गेट में लगी गोली, बच्चे और शिक्षक बाल-बाल बचे

एटा। थाना नयागांव क्षेत्र के बनी गांव स्थित संकट मोचन इंटर कॉलेज में मंगलवार को महज 200 रुपये परीक्षा शुल्क मांगने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र के पिता ने विद्यालय पहुंचकर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली प्रधानाचार्य के कार्यालय के गेट में जा लगी। घटना के समय विद्यालय में बच्चे और शिक्षक मौजूद थे। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। फायरिंग की आवाज से विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील कुमार ने बताया कि कदरागंज गांव निवासी सतेंद्र कुमार पुत्र गेंदालाल के चार बच्चे विद्यालय में पढ़ते हैं। विद्यालय की ओर से बच्चों से 200 रुपये परीक्षा शुल्क जमा करने के लिए कहा गया था। आरोप है कि बच्चों ने घर जाकर फीस के लिए रुपये मांगे, जिससे उनके पिता नाराज हो गए।

प्रधानाचार्य के अनुसार मंगलवार को सतेंद्र कुमार तमंचा लेकर विद्यालय पहुंचा और उनके साथ अभद्रता करने लगा। आरोप है कि उसने कहा कि वह आज लड़ने के मूड में है। स्थिति को देखते हुए प्रधानाचार्य ने उससे तमंचा हटाने को कहा। इसी दौरान आरोपी ने फायर कर दिया। गोली प्रधानाचार्य के कार्यालय के गेट में जा लगी।

गोली की आवाज से मची अफरा-तफरी

विद्यालय में गोली चलने की आवाज सुनकर छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं में हड़कंप मच गया। प्रधानाचार्य ने बताया कि फायरिंग के दौरान वह और विद्यालय का स्टाफ तथा बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल थाना नयागांव पुलिस को सूचना दी।

तमंचा और खोखा बरामद

सूचना मिलते ही थाना नयागांव प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी सतेंद्र कुमार को मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से तमंचा और एक खाली कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

सीओ बोले- नियमानुसार होगी कार्रवाई

अलीगंज क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि युवक को मौके से हिरासत में लिया गया है। उसके पास से तमंचा बरामद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी को नियमानुसार कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल पुलिस घटना के संबंध में साक्ष्य जुटा रही है। परीक्षा शुल्क को लेकर शुरू हुए विवाद में विद्यालय पहुंचकर फायरिंग किए जाने के मामले में पुलिस आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।